HEADLINE
Dark Mode
Large text article

*बलौदाबाजार में फर्जी ट्रांसफर रैकट का भांडाफोड़: BJP नेता(महामंत्री) कृष्णा अवस्थी और ग्रामीण चिकित्सा सहायक समेत 4 गिरफ्तार*

 *बलौदाबाजार में फर्जी ट्रांसफर रैकट का भांडाफोड़: BJP नेता(महामंत्री) कृष्णा अवस्थी और ग्रामीण चिकित्सा सहायक समेत 4 गिरफ्तार*



बलौदाबाजार / पलारी

शासकीय दस्तावेजों में कूटनीति, जालसाजी और धोखाधड़ी के मामलों पर कड़ा रुख अपनाते हुए बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने स्वास्थ्य विभाग में फर्जी स्थानांतरण (Transfer) आदेश जारी करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस अधीक्षक श्री गौरव राय के कुशल निर्देशन में थाना पलारी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी ग्रामीण चिकित्सा सहायक समेत कुल 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के जिला महामंत्री भी शामिल हैं, जिससे इस पूरे फर्जीवाड़े के उजागर होने के बाद प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में हड़कंप मच गया है।

फर्जी आदेश से खुली पोल: क्या है पूरा मामला?

मामले का खुलासा तब हुआ जब सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पलारी के खंड चिकित्सा अधिकारी (BMO) डॉ. पंकज वर्मा ने पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार:

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रोहांसी में पदस्थ ग्रामीण चिकित्सा सहायक करण कुमार देवांगन ने कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) बलौदाबाजार का एक स्थानांतरण आदेश प्रस्तुत किया।

आदेश (क्रमांक एच.एम./ए.आर./2026-27/1359, दिनांक 14/08/2026) में आरोपी करण देवांगन का तबादला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मोपर (विकासखंड भाटापारा) में होना दर्शाया गया था।

विभागीय जांच और सत्यापन में पता चला कि राज्य संवर्ग के कर्मचारियों के स्थानांतरण का अधिकार केवल राज्य शासन के पास होता है।

CMHO कार्यालय बलौदाबाजार द्वारा ऐसा कोई भी आदेश जारी नहीं किया गया था। आदेश पर किए गए हस्ताक्षर पूरी तरह से जाली, कूटरचित और फर्जी पाए गए।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई और गिरफ्तारी

फर्जी दस्तावेज को असली बताकर लाभ कमाने की नीयत से पेश करने पर थाना पलारी में अपराध क्रमांक 347/2026 दर्ज किया गया। आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 336(3), 337, 338, 340(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर मुख्य आरोपी करण देवांगन को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने अन्य सहयोगियों के नाम उगले, जिसके बाद पुलिस ने पूरे गिरोह को बेनकाब करते हुए 22 अगस्त 2026 को चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों का विवरण

करण कुमार देवांगन (उम्र 44 वर्ष) – पिता: लहुर साय देवांगन, निवासी: मंगलम कालोनी, बलौदाबाजार (पद: ग्रामीण चिकित्सा सहायक, PHC रोहांसी) – मुख्य लाभार्थी

किशना उर्फ कृष्ण कुमार अवस्थी (उम्र 53 वर्ष) – पिता: स्व. कुंजराम अवस्थी, निवासी: ग्राम रिसदा, थाना सिटी कोतवाली, बलौदाबाजार (भाजपा जिला महामंत्री) – मुख्य साजिशकर्ता/बिचौलिया

रवि कुमार सेन (उम्र 43 वर्ष) – पिता: नूतन लाल सेन, निवासी: कसडोल वार्ड क्र. 04, सिरपुर रोड व ग्राम कटगी, थाना कसडोल

पुनीराम पटेल (उम्र 51 वर्ष) – पिता: डेरहा राम पटेल, निवासी: ग्राम गिरौदपुरी (अटल चौक), थाना गिधौरी

न्यायालय में पेशी और आगे की जांच

सभी चारों आरोपियों ने एक राय होकर फर्जी दस्तावेज तैयार करने और उसका उपयोग करने की बात स्वीकार कर ली है। पुलिस ने सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या इस गिरोह ने पूर्व में भी अन्य सरकारी विभागों में इस तरह के फर्जी ट्रांसफर आदेश तैयार कर पैसों की उगाही की है।

Post a Comment